
गाज़ियाबाद। समाजसेवी एवं ‘एक देश, एक नाम भारत’ अभियान के याचिकाकर्ता नमह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को एक प्रत्यावेदन भेजकर गाज़ियाबाद में प्रधानमंत्री को समर्पित एक सार्वजनिक स्मारक मंदिर तथा सामाजिक सेवा केंद्र की स्थापना के लिए भूमि आवंटित करने का अनुरोध किया है।
प्रत्यावेदन में उल्लेख किया गया है कि यह प्रस्ताव बिहार राज्य ट्रांसजेंडर कल्याण बोर्ड द्वारा 29 जुलाई 2026 को पारित प्रस्ताव के अनुरूप प्रस्तुत किया गया है। साथ ही अनुरोध किया गया है कि इस विषय को उत्तर प्रदेश राज्य ट्रांसजेंडर कल्याण बोर्ड के विचार एवं संस्तुति के लिए भेजा जाए।
आवेदन में उपयुक्त भूमि आवंटित करने, भवन निर्माण की सभी आवश्यक वैधानिक स्वीकृतियां प्रदान करने तथा एक पंजीकृत सार्वजनिक धर्मार्थ न्यास के गठन की अनुमति देने की मांग की गई है। प्रस्ताव में यह भी सुझाव दिया गया है कि न्यास में कम से कम एक-तिहाई स्थान ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों के लिए सुरक्षित रखे जाएं।
प्रस्तावित परिसर में वाचनालय एवं कौशल विकास केंद्र स्थापित करने की भी योजना है, जहां ट्रांसजेंडर समुदाय तथा वंचित युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
फिलहाल इस संबंध में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से कोई आधिकारिक निर्णय या प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है।



